कोल्हान

कांड्रा में दुर्गापूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर विशेष जोर

कांड्रा। दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में गुरुवार को कांड्रा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, जुलूस और मूर्ति विसर्जन, रावण दहन, यातायात नियंत्रण, अग्निशमन व्यवस्था तथा निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने पूजा समितियों से निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने और पर्व के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की।

बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी श्रवण कुमार ने की। इस दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज, पुलिस पदाधिकारी संतोष कुमार सेन, कमलेश कुमार सिंह और दिनेश महथा सहित दोनों लाइसेंसी दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधि, रावण दहन कमिटी के सदस्य, जेएआरडीसीएल एवं जेबीवीएनएल के प्रतिनिधि तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ श्रवण कुमार ने कहा कि दुर्गापूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। साथ ही पूजा समितियों को प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही।

उन्होंने पर्व के दौरान नशे से दूर रहने की अपील करते हुए युवाओं और आसपास के लोगों को भी नशे से बचने के लिए जागरूक करने पर जोर दिया।

पूजा पंडालों में सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरण अनिवार्य

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनुभव भारद्वाज ने कहा कि दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए पूजा समितियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त अग्निशमन उपकरण उपलब्ध रखने तथा बिजली की व्यवस्था को सुरक्षित बनाने का निर्देश दिया।

भीड़भाड़ वाले स्थानों पर स्वयंसेवकों की तैनाती करने और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया गया। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जुलूस और मूर्ति विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग का ही इस्तेमाल किया जाए तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

रावण दहन कार्यक्रम में भीड़ प्रबंधन पर विशेष चर्चा

दशहरा के अवसर पर आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए बैठक में विशेष तैयारियों पर चर्चा की गई। इस दौरान पार्किंग की व्यवस्था, वाहनों की आवाजाही, भीड़ नियंत्रण और अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम स्थल पर लोगों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

वहीं, मूर्ति विसर्जन को लेकर निर्धारित मार्ग को अतिक्रमण और वाहनों के अनावश्यक जमावड़े से मुक्त रखने की बात कही गई। पूजा समितियों ने पर्व के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, विसर्जन मार्ग पर बेहतर व्यवस्था करने तथा पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग रखी।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचने की अपील

प्रशासन ने पर्व के दौरान शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक, अफवाहपूर्ण या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी संदिग्ध सूचना की पुष्टि किए बिना उसे आगे प्रसारित नहीं किया जाना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध जानकारी मिलती है, तो उसे स्वयं अफवाह फैलाने के बजाय तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करना चाहिए।

बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद

शांति समिति की बैठक में श्री श्री दुर्गा पूजा कमिटी, एसकेजी कॉलोनी कांड्रा के अध्यक्ष होनी सिंह मुंडा, श्री श्री सार्वजनिक दुर्गा पूजा कमिटी कांड्रा बाजार के अध्यक्ष संजय महंती, रावण दहन कमिटी के अध्यक्ष लालबाबू महतो, जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल, कांड्रा पंचायत के मुखिया राम हांसदा, डुमरा के ग्राम प्रधान दिलीप मंडल, मनोज महतो, सुबोध सिंह, मनोरंजन नंदी और विमान सेनापति समेत बड़ी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक के अंत में पुलिस प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और पूजा समितियों ने आपसी सहयोग एवं समन्वय के साथ दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प लिया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!