जादूगोड़ा में विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघ ने 4 अक्टूबर को आंदोलन की दी चेतावनी, हितकु में आज होगी बैठक
यूसिल प्रबंधन को 10 दिन की मोहलत पूरी होने के बाद भी मांगों के समाधान का इंतजार, संघ ने वाहनों का आवागमन रोकने की चेतावनी दी

जादूगोड़ा: आगामी 4 अक्टूबर को परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष अजीत कुमार महंती के जादूगोड़ा दौरे को लेकर यूसिल प्रबंधन द्वारा जादूगोड़ा से लेकर नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट तक साफ-सफाई एवं अन्य तैयारियां की जा रही हैं, वहीं नरवा पहाड़ यूरेनियम प्रोजेक्ट के विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघ ने अपनी मांगों को लेकर 4 अक्टूबर को आंदोलन की चेतावनी दी है। हितकु पंचायत के स्थानीय विस्थापित एवं प्रभावित बेरोजगार संघ के अध्यक्ष अशोक दास और सचिव अमित दास ने घोषणा की है कि मांगों का समाधान नहीं होने पर 4 अक्टूबर को यूसिल के वाहनों का आवागमन ठप किया जाएगा। आंदोलन की रणनीति पर चर्चा के लिए हितकु पंचायत के विस्थापित ग्रामीणों की बैठक शुक्रवार शाम हितकु बजरंगबली चौक पर बुलाई गई है, जिसमें आगामी आंदोलन को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा। संघ के अध्यक्ष अशोक दास और सचिव अमित दास के अनुसार, उनकी मांगों को लेकर 22 सितंबर को यूसिल प्रबंधन ने 10 दिनों का समय मांगा था, लेकिन निर्धारित समय-सीमा पूरी होने के बाद भी मांगों के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि इसी से नाराज होकर 4 अक्टूबर को अपनी मांगों के समर्थन में यूसिल वाहनों का आवागमन ठप करने की चेतावनी दी गई है। वहीं परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए क्षेत्र में तैयारियां जारी हैं और विस्थापितों की बैठक में आंदोलन की आगे की रणनीति तय किए जाने की बात कही गई है।



