मनोहरपुर में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत, मवेशी से टकराकर अनियंत्रित हुई बाइक
डुमिरता गांव के समीप मध्य रात्रि हुआ हादसा, सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही मौत; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

मनोहरपुर/पश्चिमी सिंहभूम: मनोहरपुर थाना क्षेत्र के धानापाली-उन्धन मार्ग पर डुमिरता गांव के समीप मंगलवार की मध्य रात्रि करीब 12 बजे हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान रेंगाड़बेड़ा गांव निवासी 22 वर्षीय सुजीत महतो के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुजीत महतो बाइक से रेंगाड़बेड़ा से मनोहरपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान डुमिरता मैदान के समीप अचानक बाइक के सामने एक मवेशी आ गया। मवेशी से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे युवक के सिर में गंभीर चोट लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मनोहरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। बुधवार सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




