नोआमुंडी में विश्व हृदय दिवस पर टाटा स्टील ने लगाया स्वास्थ्य शिविर, 78 लोगों की हुई जांच, 7 मलेरिया पॉजिटिव मिले
टीएमएच नोआमुंडी ने कर्मचारियों और ग्रामीणों के बीच हृदय स्वास्थ्य को लेकर चलाया जागरूकता अभियान, उच्च रक्तचाप, एनीमिया और मोतियाबिंद के मामले भी सामने आए

नोआमुंडी: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच), नोआमुंडी की ओर से कर्मचारियों एवं आसपास के समुदाय में हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। 28 और 29 सितंबर को आयोजित कार्यक्रमों के तहत तीन जागरूकता सत्रों के साथ कंटोडिया गांव में सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर लगाया गया। इस वर्ष की थीम “Don’t Miss a Beat” पर आधारित जागरूकता सत्रों में उच्च रक्तचाप, हृदय रोग, मधुमेह, मोटापा और अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों के कारण, लक्षण, जोखिम कारक, जटिलताओं तथा बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। जेआरडीटीटीआई में आयोजित एक जागरूकता सत्र में कंपनी एवं कॉन्ट्रैक्ट कर्मचारियों सहित करीब 200 लोगों ने भाग लिया। वहीं कंटोडिया गांव में आयोजित सामुदायिक स्वास्थ्य शिविर में 78 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर में निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन और मलेरिया जांच के साथ आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। स्वास्थ्य जांच के दौरान उच्च रक्तचाप के चार मामले, मोतियाबिंद का एक मामला और एनीमिया का एक मामला सामने आया। एनीमिया से पीड़ित मरीज का हीमोग्लोबिन स्तर 8.5 ग्राम प्रतिशत पाया गया, जिसे आगे की जांच एवं उपचार के लिए टीएमएच नोआमुंडी में फॉलो-अप की सलाह दी गई। वहीं बुखार और सिरदर्द की शिकायत वाले 11 लोगों की मलेरिया जांच की गई, जिनमें सात लोग मलेरिया पॉजिटिव पाए गए। इनमें Plasmodium falciparum (Pf) और Plasmodium vivax (Pv) दोनों प्रकार के मामले शामिल थे। मलेरिया संक्रमित मरीजों में चार बच्चे थे, जिनमें से एक बच्चे को आगे के उपचार एवं चिकित्सकीय प्रबंधन के लिए टीएमएच नोआमुंडी में भर्ती कराने हेतु रेफर किया गया। स्वास्थ्य शिविर में टीएमएच नोआमुंडी के डॉ. अमला शंकर चटर्जी, डॉ. अर्नब कुमार मुखर्जी, डॉ. बी. एन. मिश्रा और डॉ. गौरव मिश्रा ने चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान कीं।




