*नोवामुंडी क्षेत्र में अवैध खनन और भंडारण रोकने की मांग*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में कथित अवैध लौह अयस्क खनन और भंडारण पर रोक लगाने की मांग को लेकर हरिचरण साण्डिल ने उपायुक्त को आवेदन सौंपा है। आवेदन में क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और भंडारण किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की गई है।
हरिचरण साण्डिल ने आवेदन में कहा है कि नोवामुंडी अंचल के विभिन्न क्षेत्रों में बंद पड़े क्रशरों के माध्यम से कथित रूप से अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सरकारी जमीन और वन विभाग के जंगलों से भी लौह अयस्क के अवैध खनन का आरोप लगाया गया है। आवेदन में कहा गया है कि यह क्षेत्र पांचवीं अनुसूची के अनुच्छेद 244 (1) के अंतर्गत आने वाला जनजाति बहुल क्षेत्र है।
आवेदनकर्ता का कहना है कि कथित अवैध खनन के कारण गांवों की रूढ़ि-परंपरागत स्वशासन व्यवस्था के साथ जल, जंगल और जमीन पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने ग्राम सभा की अनुमति के बिना खनन और भंडारण किए जाने को जांच का विषय बताया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि इस तरह की गतिविधियों के कारण क्षेत्र में कई प्रकार की घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
हरिचरण साण्डिल ने उपायुक्त से अवैध खनन और अवैध भंडारण में शामिल लोगों के साथ-साथ संबंधित सरकारी अधिकारियों की भूमिका की जांच कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
आवेदन की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा, डीएफओ दक्षिण वन प्रमंडल चाईबासा, जिला खनन पदाधिकारी चाईबासा और पुलिस उपाधीक्षक किरीबुरू को भी दी गई है।
आवेदनकर्ता हरिचरण साण्डिल ग्राम आईकुटी, पोस्ट एवं थाना जेटेया, जिला पश्चिमी सिंहभूम के निवासी हैं। आवेदन पर 28 सितंबर 2026 की प्राप्ति तिथि अंकित है।




