पश्चिम बंगाल के नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज से मिले झारखंड के सैनिक प्रतिनिधि, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण पर हुई चर्चा
पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं भारत भारती झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने कमोडोर अजय यादव से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का मिला आश्वासन

जमशेदपुर: पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं भारत भारती झारखंड के प्रतिनिधिमंडल ने सैनिकों, पूर्व सैनिकों और वीर नारियों के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज (पश्चिम बंगाल) एवं आईएनएस नेताजी सुभाष के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर अजय यादव से उनके कार्यालय में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में वेटरन सुशील कुमार सिंह, राजीव रंजन एवं दिनेश कुमार सिंह शामिल रहे। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने पुष्पगुच्छ भेंट कर कमोडोर अजय यादव का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा संस्था की ओर से पिछले 18 वर्षों से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। संस्था की गतिविधियों और सैनिक कल्याण के प्रति उसके प्रयासों की जानकारी मिलने पर कमोडोर अजय यादव ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने आश्वस्त किया कि आर्मी, एयरफोर्स या नेवी के किसी भी पूर्व सैनिक, वीर नारी अथवा ऐसे सैनिक परिवार की बेटी, जिनके माता-पिता अब नहीं हैं, को किसी प्रकार की समस्या होने पर मामला उनके संज्ञान में लाया जा सकता है और हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान कमांड रेजिमेंटल सिस्टम ऑफिस (नॉर्थ ईस्ट) के ऑफिसर-इन-चार्ज कैप्टन प्रदीप अग्निहोत्री, मास्टर-एट-आर्म्स आशीष प्रताप सिंह एवं लीडिंग सीमैन परवेज अख्तर से भी सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर चर्चा हुई। इसी क्रम में जमशेदपुर निवासी कमांडर राजकुमार महतो से भी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हुई और उनके सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से नेवल ऑफिसर-इन-चार्ज (पश्चिम बंगाल) एवं आईएनएस नेताजी सुभाष के कमांडिंग ऑफिसर कमोडोर अजय यादव को जमशेदपुर आने का आग्रह किया गया। प्रतिनिधियों ने कहा कि उनके जमशेदपुर आगमन से क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं नागरिक समाज के बीच भारतीय नौसेना के प्रति सम्मान, जुड़ाव और गौरव की भावना को और मजबूती मिल सकती है।




