*प्राक्कलन समिति ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की*

चाईबासा: झारखंड विधानसभा प्राक्कलन समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में शनिवार को चाईबासा परिसदन में पश्चिमी सिंहभूम जिले के वरीय पदाधिकारियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक में समिति के सदस्य नागेंद्र महतो सहित अन्य सदस्य भी मौजूद रहे।
बैठक में जिले में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान योजनाओं के प्राक्कलन, स्वीकृत राशि, अब तक हुए खर्च, कार्य की गुणवत्ता, भौतिक प्रगति और कार्य पूरा करने की निर्धारित समय-सीमा की जानकारी ली गई।
विशेष प्रमंडल, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, कल्याण विभाग, भवन प्रमंडल, लघु सिंचाई विभाग, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, राजस्व विभाग तथा नगर परिषद और अन्य नगर निकायों से संबंधित योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने समिति के समक्ष अलग-अलग योजनाओं से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इसमें योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति, प्राक्कलित राशि, अब तक किए गए व्यय और निर्माण कार्य की स्थिति की जानकारी दी गई। समिति ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं और लंबित कार्यों के बारे में भी अधिकारियों से जानकारी ली।
सभापति हेमलाल मुर्मू ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को समय पर पूरा करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वीकृत योजनाओं में प्राक्कलन और निर्धारित मानकों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी राशि का सही उपयोग हो और योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
उन्होंने योजनाओं की नियमित निगरानी करने और लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर भी जोर दिया। समिति ने अधिकारियों से विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और जनहित को प्राथमिकता देने की अपेक्षा की।
बैठक में उप विकास आयुक्त, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा सहित जिले के वरीय पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।




