जादूगोड़ा में CRPF की तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन, 197वीं बटालियन बनी विजेता
24 से 26 सितंबर तक आयोजित प्रतियोगिता में झारखंड में तैनात CRPF की 9 बटालियनों और 2 ग्रुप केंद्रों के 111 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा

जादूगोड़ा: केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के ग्रुप केंद्र सासपुर, जादूगोड़ा परिसर में 24 से 26 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का शनिवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 197वीं बटालियन ने विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि 26वीं बटालियन उपविजेता रही।
111 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
यह प्रतियोगिता झारखंड सेक्टर, CRPF के अधीन परिचालित बटालियनों एवं ग्रुप केंद्र स्तर पर वार्षिक खेलकूद कार्यक्रम 2026-27 के तहत आयोजित की गई थी।
प्रतियोगिता में झारखंड राज्य में तैनात CRPF की 9 बटालियनों और 2 ग्रुप केंद्रों से कुल 111 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। तीन दिनों तक खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।
197वीं बटालियन बनी विजेता
प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 197वीं बटालियन ने विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की। 26वीं बटालियन ने उपविजेता का स्थान हासिल किया।
वहीं, 154वीं बटालियन के हवलदार (जीडी) कुतुबुद्दीन अंसारी को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ एथलीट चुना गया।
विजेता खिलाड़ियों को किया गया सम्मानित
समापन समारोह के दौरान मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों के साथ सर्वश्रेष्ठ एथलीट को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। विजेता एवं उपविजेता टीमों तथा सर्वश्रेष्ठ एथलीट को ट्रॉफी और मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का आयोजन ग्रुप केंद्र CRPF जादूगोड़ा के उप महानिरीक्षक डॉ. जयदेव केसरी के मार्गदर्शन में किया गया।
अधिकारी और जवान रहे मौजूद
समापन समारोह में डॉ. उर्मिला गारी (टोप्पो), उप महानिरीक्षक (चिकित्सा), नीरज कुमार, उप कमांडेंट, पवन कुमार, उप कमांडेंट, जे.आर.डी. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तकनीकी अधिकारी, ग्रुप केंद्र एवं रेंज कार्यालय CRPF जमशेदपुर के अन्य राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. जयदेव केसरी ने प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कार्मिकों और तकनीकी अधिकारियों के प्रति आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।




