जमशेदपुर में हज 2027 के यात्रियों का हुआ नि:शुल्क मेडिकल चेकअप, 82 लोगों ने कराया आवेदन
किताडीह मदरसा फैजुल उलूम की पहल, स्लॉट A में 40 यात्रियों की फिटनेस जांच पूरी; स्लॉट B की जांच अगले दिन होगी

जमशेदपुर:- वर्ष 2027 में हज यात्रा पर जाने वाले लोगों के लिए किताडीह मदरसा फैजुल उलूम की ओर से खासमहल सदर अस्पताल में नि:शुल्क मेडिकल चेकअप कराया गया। हज यात्रा के लिए मदरसा की ओर से कुल 82 लोगों ने आवेदन किया है।
मेडिकल जांच के दौरान स्लॉट A में शामिल 40 लोगों की फिटनेस जांच पूरी की गई। वहीं स्लॉट B में शामिल हज यात्रियों का हेल्थ चेकअप अगले दिन कराया जाएगा। मेडिकल जांच में महिला और पुरुष दोनों हज यात्रियों ने हिस्सा लिया।
मेडिकल चेकअप कराने पहुंचे हज यात्री काफी उत्साहित नजर आए। यात्रियों ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा कि वर्ष 2027 में उन्हें पहली बार मक्का शरीफ और मदीना शरीफ का दीदार करने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर मस्जिद-ए-अक्सा के इमाम हाजी इश्हाक अंजुम ने बताया कि पूर्व में हज यात्रा पर जाने वाले लोग अपना मेडिकल फिटनेस टेस्ट निजी स्तर पर कराते थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में सरकार द्वारा जारी सर्कुलर के नियमों के अनुसार हज यात्रियों को सरकारी अस्पताल में मेडिकल फिटनेस जांच करानी पड़ रही है। इसी के तहत महिला एवं पुरुष हज यात्रियों का सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया जा रहा है।
मौके पर हाजी मास्टर मजहर, हाजी युसूफ टीटी, तनवीर आलम सहित हज यात्रा पर जाने वाले कई महिला एवं पुरुष मौजूद रहे।




