खबर का असर: कोलपोटका की जर्जर पुलिया पर प्रशासन ने लिया संज्ञान, ग्रामीणों में जगी उम्मीद
प्रधानपाली-कुम्हारमुंडा से कुम्हार टोला जाने वाली सड़क पर लंबे समय से बदहाल है पुलिया, ग्रामीणों ने जल्द मरम्मत या पुनर्निर्माण की मांग की

मनोहरपुर:- मनोहरपुर प्रखंड के कोलपोटका पंचायत अंतर्गत प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत प्रधानपाली-कुम्हारमुंडा से कुम्हार टोला जाने वाली ग्रामीण सड़क पर स्थित जर्जर पुलिया को लेकर प्रकाशित खबर का प्रशासन ने संज्ञान लिया है। पुलिया की बदहाल स्थिति सामने आने के बाद संबंधित स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया है।
बताया जाता है कि उक्त पुलिया लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और समय के साथ इसकी स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने के कारण राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। विशेषकर पैदल आवागमन करने वाले लोगों को पुलिया पार करते समय काफी सावधानी बरतनी पड़ रही है।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से जर्जर पुलिया का जल्द निरीक्षण कराने, आवश्यक मरम्मत की कार्रवाई शुरू करने तथा जरूरत के अनुसार नए पुलिया के निर्माण की दिशा में पहल करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पुलिया की मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं कराया गया, तो इसकी स्थिति और गंभीर हो सकती है तथा सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित होने की आशंका है।
प्रशासन द्वारा मामले का संज्ञान लिए जाने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासन की ओर से होने वाली कार्रवाई और पुलिया के स्थायी समाधान पर टिकी है।




