रंकिनी मंदिर और दाबांकी पुलिया की जर्जर हालत पर उठी आवाज, दुखनी सोरेन ने डीसी से की अविलंब मरम्मत की मांग

पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र में जर्जर पुलियों की समस्या को लेकर युवा महिला नेत्री दुखनी सोरेन ने जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जादूगोड़ा स्थित प्रसिद्ध रंकिनी मंदिर के सामने वाली पुलिया तथा पोटका से जादूगोड़ा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण दाबांकी पुलिया की अविलंब मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण कराने की मांग की है।
दुखनी सोरेन ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि दोनों पुलियां लंबे समय से क्षतिग्रस्त एवं जर्जर अवस्था में हैं। इसके बावजूद प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, विद्यार्थी, मरीज, किसान, नौकरीपेशा लोग और आम नागरिक इन पुलियों से होकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि रंकिनी मंदिर के सामने स्थित पुलिया से प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। वहीं, दाबांकी पुलिया पोटका और जादूगोड़ा क्षेत्र के बीच आवागमन का एक महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। ऐसे में दोनों पुलियों की खराब स्थिति आम लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है।
उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि पुलियों की जर्जर हालत के कारण लोगों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। यदि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
दुखनी सोरेन ने उपायुक्त से दोनों पुलियों का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराने तथा प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं मजबूतीकरण का कार्य शुरू कराने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और पुलिया केवल आवागमन का साधन नहीं हैं, बल्कि इनका सीधा संबंध लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से भी जुड़ा हुआ है। पुलियों के असुरक्षित होने से सबसे अधिक परेशानी गरीब ग्रामीणों, मरीजों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को उठानी पड़ती है।
अंत में उन्होंने जिला प्रशासन से जनहित और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस गंभीर समस्या पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की अपील की।




