कोल्हान

*पश्चिमी सिंहभूम में विकास योजनाओं को मिली गति, 108.23 करोड़ की परिसंपत्तियां बांटी गईं*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय के सभागार में परिसंपत्ति वितरण, योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता झारखंड सरकार के मंत्री दीपक बिरुवा ने की। इस दौरान 108.23 करोड़ रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया गया। साथ ही 252.110 करोड़ रुपये की लागत से 91 योजनाओं का शिलान्यास और 129.213 करोड़ रुपये की लागत से 81 योजनाओं का उद्घाटन किया गया।

कार्यक्रम में चक्रधरपुर विधायक सुखराम उरांव, जगन्नाथपुर विधायक सोनाराम सिंकु, जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरीन, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश और चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सन्नी उरांव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

समारोह में विभिन्न विभागों के माध्यम से कुल 58 लाभुकों को परिसंपत्तियों का लाभ दिया गया। इनमें परिवहन, राजस्व, बैंकिंग, सामाजिक सुरक्षा, आजीविका, ग्रामीण विकास, पशुपालन, कृषि, मत्स्य, भूमि संरक्षण, आपूर्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और जनजातीय विकास विभाग के लाभुक शामिल थे। भूमि संरक्षण विभाग की एसएमएएम योजना के तहत 12 स्वयं सहायता समूहों को ट्रैक्टर और कृषि यंत्र भी दिए गए।

पंचायत स्तर पर बेहतर कार्य करने वाली आठ पंचायतों अंगारपदा, गोविंदपुर, बारुसाई, नरसंडा, पड़सा, कराईकेला, रुईया और आराहासा के मुखिया एवं पंचायत सचिवों को सम्मानित किया गया। वहीं, सुदृढ़ीकरण कार्य पूरा होने पर 11 पंचायत सचिवालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया गया।

सड़क सुरक्षा के तहत 25 दोपहिया चालकों को हेलमेट दिए गए। इसके अलावा जनगणना-2027 के प्रचार के लिए तीन, गैर संचारी रोगों के प्रति जागरूकता के लिए एक और बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के लिए एक वाहन रवाना किया गया।

मंत्री दीपक बिरुवा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सभी विभाग योजनाओं को पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से पूरा करें।

विधायक सुखराम उरांव ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। वहीं विधायक सोनाराम सिंकु ने कृषि, पशुपालन, शिक्षा और स्वास्थ्य योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया। उन्होंने लाभुकों से मिली परिसंपत्तियों का सही उपयोग करने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!