कोल्हान

खरसावां में दो विकास योजनाओं का विधायक दशरथ गागराई ने किया शिलान्यास, प्लस टू स्कूल में बनेंगे पांच अतिरिक्त कक्षा कक्ष

खरसावां। खरसावां विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में दो महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास किया गया। स्थानीय विधायक दशरथ गागराई ने राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय, खरसावां में पांच अतिरिक्त वर्ग कक्षों के निर्माण कार्य तथा खरसावां टाउन पथ के प्रथम किलोमीटर के दाहिने हिस्से में 250 मीटर नाली निर्माण कार्य की आधारशिला रखी।

दोनों योजनाओं का शिलान्यास विधायक दशरथ गागराई ने विधिवत नारियल फोड़कर एवं शिलापट्ट का अनावरण कर किया। पांच अतिरिक्त वर्ग कक्षों का निर्माण झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तहत कराया जाएगा। इससे विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए कक्षा संचालन की अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी और शैक्षणिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

वहीं, खरसावां टाउन पथ के प्रथम किलोमीटर के दाहिने हिस्से में 250 मीटर नाली का निर्माण होने से क्षेत्र में जल निकासी की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। खासकर बारिश के दिनों में पानी की निकासी को लेकर स्थानीय लोगों को राहत मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कालीचरण बानरा, सांसद प्रतिनिधि सह प्रखंड अध्यक्ष कोंदो कुंभकार, विधायक प्रतिनिधि नायडू गोप, मुखिया सुनीता तापे, अनुप सिंहदेव, धनु मुखी, प्रवीण सिंहदेव, शंकर लोआदा, भावेश मिश्रा, अजय सामड, राजेश दलबेहरा समेत अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी मौजूद थे।

दोनों विकास योजनाओं के शिलान्यास से क्षेत्र में शिक्षा एवं आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक नई पहल हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!