*बांधपाड़ा सार्वजनिक काली पूजा समिति ने किया खूंटी पूजन, पंडाल निर्माण शुरू*

चाईबासा: शहर के बांधपाड़ा स्थित सार्वजनिक काली पूजा समिति की ओर से आगामी काली पूजा महोत्सव की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसी क्रम में रविवार को पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ खूंटी पूजन किया गया। पंडित के मंत्रोच्चार और विधि-विधान के बीच पूजा संपन्न हुई। खूंटी पूजन के साथ ही भव्य पूजा पंडाल के निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई।
समिति के अध्यक्ष विकास आनंद ने बताया कि हर साल की तरह इस वर्ष भी मां काली की पूजा पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ आयोजित की जाएगी। खूंटी पूजन के बाद कारीगरों ने पंडाल निर्माण का काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में कर्नाटक स्थित प्रसिद्ध कोटिलिंगेश्वर मंदिर की थीम पर पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। पंडाल की आकर्षक बनावट के साथ विद्युत सज्जा भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी। समिति की ओर से पूजा महोत्सव को भव्य और व्यवस्थित बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।




