*तीन कांडों में शामिल अनिल चातर गिरफ्तार, हथियार बरामद*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में जेटेया, नोवामुंडी और तांतनगर थाना क्षेत्रों में हुई तीन आपराधिक घटनाओं के उद्भेदन के दौरान पुलिस ने अनिल चातर उर्फ अनिल मुंडा उर्फ बच्चा को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी के पास से कांड में प्रयुक्त हथियार बरामद किया गया है। उसके खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गुरुवार को जगन्नाथपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू ने अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, जेटेया थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 6 अक्टूबर 2026, धारा 309(6), 109, 3(5) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा 25(1-B)(a)/27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। कातिकोड़ा निवासी विभीषण तिरिया (24), पिता माटा तिरिया, 5 अक्टूबर की शाम करीब 6:45 बजे प्रमाणपत्र निकालने के लिए कोटगढ़ चौक गए थे। शाम करीब सात बजे लौटने के दौरान कोटगढ़ चौक से लगभग 200 मीटर आगे पश्चिम दिशा में मोटरसाइकिल रोककर फोन पर बात कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक लड़की रो रही थी। विभीषण ने उससे रोने का कारण पूछा, लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। तभी पल्सर मोटरसाइकिल से तीन युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने विभीषण का मोबाइल छीनकर सड़क पर पटक दिया। विरोध करने पर एक युवक ने पीछे से कट्टा से फायरिंग कर दी। गोली उनके दाहिने कान के बगल से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गए।
दूसरी घटना नोवामुंडी थाना कांड संख्या 30/26, दिनांक 6 अक्टूबर 2026, धारा 309(5) बीएनएस एवं 25(1-B)(a) आर्म्स एक्ट से संबंधित है। नोवामुंडी मेन रोड स्थित मनसा मंदिर के पास रहने वाले रुपेश ठाकुर (34), पिता स्वर्गीय महेंद्र ठाकुर, के मुर्गी फार्म में चोरी का प्रयास किया गया था। रुपेश के अनुसार, वह सुबह करीब सात बजे अपने पचायसाई स्थित मुर्गी फार्म गए थे और दिनभर काम करने के बाद घर लौट आए थे। शाम करीब सात बजे फार्म में तैनात गार्ड परकेस नायक ने फोन कर बताया कि दो व्यक्ति चोरी के इरादे से अंदर घुसे थे। इनमें से एक ने हथियार दिखाकर उसे चुप रहने को कहा। आरोपियों ने टेबल की दराज में रुपये खोजे, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर उसे क्षतिग्रस्त कर दिया।
तीसरी घटना तांतनगर थाना कांड संख्या 55/26, दिनांक 8 अक्टूबर 2026, धारा 309(4) एवं 3(5) बीएनएस से संबंधित है। शिकायतकर्ता इमामुद्दीन अंसारी (54), पिता स्वर्गीय सुबरती अंसारी, निवासी ग्राम जलहरी, थाना बांकुड़ा, जिला बांकुड़ा, पश्चिम बंगाल ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को दिन में करीब 11:30 बजे दो साथियों के साथ आरोपियों ने उनकी गर्दन पर चापड़ रखकर छह हजार रुपये नकद और खाने-पीने का सामान लूट लिया।
पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर इन घटनाओं का शीघ्र उद्भेदन करने के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी किरीबुरू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। जगन्नाथपुर और किरीबुरू के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कथित रूप से घटनाओं में प्रयुक्त हथियार बरामद किया और अप्राथमिकी अभियुक्त अनिल चातर उर्फ अनिल मुंडा उर्फ बच्चा (26) को गिरफ्तार किया। वह सोमाय चातर उर्फ सोमय का पुत्र है और ग्राम ठकुरानी, टांकुरा, थाना बरबिल, जिला क्योंझर, ओडिशा का निवासी है।
छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक बासुदेव मुंडा, नोवामुंडी अंचल; पुलिस अवर निरीक्षक रितेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी जेटेया; पुलिस अवर निरीक्षक नयन कुमार सिंह, थाना प्रभारी नोवामुंडी; पुलिस अवर निरीक्षक संजीत कुमार रजक, जेटेया थाना; पुलिस अवर निरीक्षक अभिनय कुमार, नोवामुंडी थाना तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ हाटगम्हरिया थाना कांड संख्या 19/23, धारा 394/395/397 भारतीय दंड विधान; मंझारी थाना कांड संख्या 85/22, धारा 394/411 भारतीय दंड विधान तथा मुफ्फसिल थाना चाईबासा कांड संख्या 97/23, धारा 395 भारतीय दंड विधान के तहत मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।




