कोल्हान

सरायकेला-खरसावां में जनगणना-2027 की तैयारी तेज, चार्ज स्तर के पदाधिकारियों को दिया गया प्रशिक्षण

सरायकेला-खरसावां। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत जनसंख्या गणना (Population Enumeration-PE) के सफल संचालन को लेकर बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को जिला समाहरणालय सभागार में प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यशाला में चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, तकनीकी मॉड्यूल और उनके दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी गई।

अपर उपायुक्त जयबर्धन कुमार ने कहा कि जनगणना देश की जनसंख्या, सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों से संबंधित महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध कराने वाली राष्ट्रीय प्रक्रिया है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी गंभीरता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने आंकड़ों की शुद्धता, गोपनीयता और निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि जनगणना के दौरान तकनीकी मॉड्यूल का सही उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की त्रुटि नहीं हो। सभी पदाधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने का निर्देश दिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना विभाग, रांची के संयुक्त निदेशक डॉ. सत्येन्द्र कुमार गुप्ता तथा सरायकेला के सांख्यिकी अन्वेषक अर्जुन राम ने जनगणना के विभिन्न चरणों, पदाधिकारियों की भूमिका और निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूरा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी।

कार्यशाला में तकनीकी मॉड्यूल के अंतर्गत एन्यूमरेशन ब्लॉक के गठन, प्रशिक्षण प्रबंधन, लॉगिन स्टेटस, डैशबोर्ड, सब-एन्यूमरेशन ब्लॉक के सीमांकन और चार्ज रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया समझाई गई। पदाधिकारियों को तकनीकी प्रावधानों का सही तरीके से अनुपालन करने और कार्य के दौरान संभावित त्रुटियों से बचने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस दौरान जनगणना से प्राप्त आंकड़ों की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया। बताया गया कि इन आंकड़ों के आधार पर देश की जनसंख्या और सामाजिक परिस्थितियों का आकलन करने के साथ-साथ विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण में सहायता मिलती है। इसलिए जनगणना कार्य को पूरी पारदर्शिता, जिम्मेदारी और निर्धारित कार्यप्रणाली के अनुरूप पूरा करना आवश्यक है।

प्रशिक्षण कार्यशाला में प्रभारी सांख्यिकी पदाधिकारी श्रीमती निवेदिता राय समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

28 से 31 अक्टूबर तक चलेगा प्रशिक्षण कार्यक्रम

जनगणना-2027 के तहत चार्ज स्तर के जनगणना पदाधिकारियों का प्रशिक्षण 28 और 29 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जा रहा है। इसके बाद 30 और 31 अक्टूबर 2026 को तकनीकी सहायकों एवं चार्ज लिपिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य में शामिल पदाधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक प्रक्रियाओं एवं तकनीकी पहलुओं से अवगत कराना है, ताकि जनसंख्या गणना का कार्य त्रुटिरहित और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!