*नोवामुंडी में फिर हाईवा में लगी आग, केबिन जलकर राख, वाहन मालिकों में बढ़ी चिंता*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में खड़े भारी वाहनों में आग लगने की दूसरी घटना सामने आई है। सोमवार देर रात सेंट मेरी स्कूल के पास खड़े एक हाईवा में आग लग गई। इस घटना में वाहन का केबिन पूरी तरह जलकर राख हो गया। लगातार दो घटनाओं के बाद क्षेत्र के वाहन मालिकों में चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार हाईवा कुम्हार टोली निवासी बीरेंद्र पासवान का है। वाहन मालिक ने बताया कि सोमवार रात करीब दो बजे स्थानीय लोगों ने फोन कर गाड़ी में आग लगने की सूचना दी। इसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर नोवामुंडी थाना प्रभारी नयन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल टाटा स्टील प्रबंधन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।
समय रहते आग बुझा दिए जाने से हाईवा का अगला टायर सुरक्षित बच गया। घटनास्थल के आसपास कई अन्य भारी वाहन खड़े थे और सामने ही सेंट मेरी स्कूल का भवन भी स्थित था। आग फैलने की स्थिति में बड़ा नुकसान हो सकता था।
वाहन मालिक के पुत्र के अनुसार हाईवा पिछले 10 से 15 दिनों से उसी स्थान पर खड़ा था। दो दिन पहले अज्ञात चोरों ने वाहन का टर्मिनेटर भी चोरी कर लिया था। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से गाड़ी की बैटरी पहले ही निकाल दी गई थी। ऐसे में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका नहीं है।
प्रारंभिक तौर पर पटाखे की चिंगारी से आग लगने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि दीपावली की रात कोटगढ़ ढाबा के पास खड़े एक ट्रेलर में भी आग लगी थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से वाहन मालिकों ने पार्किंग स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई है। फिलहाल पुलिस ने दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं की है।




