गुवा के आरसी चर्च में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया नवा खानी पर्व, विशेष मिस्सा पूजा में शामिल हुए बड़ी संख्या में विश्वासी

गुवा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा स्थित आरसी चर्च में बुधवार को पारंपरिक नवा खानी पर्व श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चर्च में विशेष मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ईसाई धर्मावलंबियों ने भाग लेकर पर्व की परंपरा और धार्मिक महत्व को निभाया।
कार्यक्रम के दौरान पल्ली पुरोहित फादर ललित बाड़ा एवं सहायक पल्ली पुरोहित फादर निरंजन खेश ने विशेष मिस्सा पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान नए चावल, चूड़ा और फलों को आशीष देकर पवित्र किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से नई फसल के लिए ईश्वर के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा सुख, शांति और समृद्धि की कामना की गई।
नवा खानी पर्व आदिवासी एवं स्थानीय समुदायों की परंपराओं से जुड़ा एक महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर नई फसल के अनाज को आशीष प्राप्त करने के बाद ग्रहण करने की परंपरा निभाई जाती है। यह पर्व प्रकृति, कृषि और ईश्वर के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है।
मिस्सा पूजा के दौरान चर्च परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा। इस मौके पर तोबियास, किशोर, मनीष, राजा, जॉन, राजू, दीपिका, निर्मला, अल्बर्ट, मार्टिन, सबीना, रोनाल्ड, मुक्ति सहित बड़ी संख्या में विश्वासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पारंपरिक नवा खानी पर्व को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।




