कोल्हान

दीपावली से पहले पटाखा दुकानों पर प्रशासन की जांच, एक्सपायर लाइसेंस मिलने पर दो दुकानों को बंद रखने का निर्देश

कोल्हान समाचार की खबर का असर: पटाखा दुकानों की खबर चलने के बाद हरकत में आया प्रशासन, कूदादा में दुकानों की जांच कर बंद रखने का दिया निर्देश

जमशेदपुर। दीपावली के मद्देनजर जमशेदपुर जिला प्रशासन ने पटाखों की बिक्री और भंडारण में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सुंदरनगर थाना क्षेत्र के कूदादा में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम ने पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के लाइसेंस, पटाखों के भंडारण और अग्निशमन व्यवस्था की जांच की गई। जांच में लाइसेंस की वैधता से संबंधित अनियमितताएं सामने आने पर अधिकारियों ने संबंधित दुकानदारों को दुकान बंद रखने का निर्देश दिया।

जांच अभियान में जमशेदपुर प्रखंड के अंचल अधिकारी मनोज कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी सुमित प्रकाश और सुंदरनगर थाना प्रभारी अजीत कुमार शामिल थे।

मांगोटिया इंटरप्राइजेज का लाइसेंस एक्सपायर, दुकान बंद कराई

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम सबसे पहले कूदादा स्थित मांगोटिया इंटरप्राइजेज नामक पटाखा दुकान पहुंची। जांच में पाया गया कि दुकान का लाइसेंस एक्सपायर हो चुका है। इसके बाद अंचल अधिकारी मनोज कुमार ने दुकान बंद करा दी और स्पष्ट निर्देश दिया कि लाइसेंस का नवीनीकरण होने के बाद ही दुकान का संचालन किया जाए।

इसके अलावा अधिकारियों ने दुकान में पटाखों के बीच रखी बैटरियों को हटाने का भी निर्देश दिया। टीम ने पटाखों के भंडारण की क्षमता और अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता की भी जांच की, ताकि दीपावली के दौरान किसी संभावित दुर्घटना से बचाव किया जा सके।

मां बनभौरी ट्रेडर्स को भी दुकान बंद रखने का निर्देश

इसके बाद प्रशासनिक टीम ने मां बनभौरी ट्रेडर्स नामक पटाखा दुकान का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सामने आया कि दुकान का लाइसेंस 31 मार्च 2025 तक ही वैध था। लाइसेंस नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी हुए बिना दुकान संचालित की जा रही थी।

इस पर अधिकारियों ने दुकान संचालक को लाइसेंस जारी होने तक दुकान बंद रखने का निर्देश दिया। साथ ही चेतावनी दी कि आदेश का उल्लंघन कर दुकान खोलने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, मां बनभौरी ट्रेडर्स के मालिक ने बताया कि उन्होंने लाइसेंस नवीनीकरण के लिए निर्धारित शुल्क जमा कर चालान कटवा लिया है, लेकिन संबंधित सरकारी विभाग की ओर से अब तक लाइसेंस का नवीनीकरण नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि वह इस मामले को लेकर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) से मुलाकात करेंगे और जल्द से जल्द लाइसेंस जारी करने की मांग करेंगे।

सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य

दीपावली के दौरान पटाखों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने और पटाखों के भंडारण के कारण आग लगने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वैध लाइसेंस के बिना पटाखा दुकानों का संचालन नहीं किया जा सकता। लाइसेंस, भंडारण और अग्निशमन व्यवस्था से जुड़े नियमों का पालन करना अनिवार्य है।

प्रशासन के इस अभियान का उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री को सुरक्षित बनाना और संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!