सरायकेला-खरसावां में स्कूल-कॉलेजों में बनेगा Electoral Literacy Club, 18+ विद्यार्थियों के मतदाता पंजीकरण पर जोर
जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक, ELC की गतिविधियों में उत्कृष्ट संस्थानों को जिला स्तर पर किया जाएगा सम्मानित

सरायकेला-खरसावां: विद्यालय एवं महाविद्यालयों में Electoral Literacy Club (ELC) के गठन एवं संचालन को लेकर मंगलवार को NIC सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र विद्यार्थियों का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर ELC के गठन या पुनर्गठन, विद्यार्थियों की सहभागिता, मतदाता पंजीकरण और निर्वाचन साक्षरता से जुड़ी गतिविधियों के आयोजन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
पात्र विद्यार्थियों का Form-6 से कराया जाएगा पंजीकरण
सभी प्रधानाध्यापक एवं संस्थान प्रमुखों को निर्धारित प्रावधान के अनुसार अपने संस्थान में Electoral Literacy Club का गठन या पुनर्गठन सुनिश्चित करने को कहा गया। ELC के लिए एक शिक्षक या फैकल्टी सदस्य को Coordinator नामित कर क्लब की गतिविधियों, अभिलेख संधारण और पोर्टल पर रिपोर्टिंग की जिम्मेदारी देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें Form-6 भरने के लिए प्रेरित करने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि कोई भी पात्र विद्यार्थी मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे।
विद्यार्थियों को उनके मताधिकार, निर्वाचन प्रक्रिया और जिम्मेदार नागरिक के रूप में उनकी भूमिका के प्रति जागरूक करने को भी ELC की प्रमुख जिम्मेदारियों में शामिल किया गया है।
रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बढ़ेगी निर्वाचन साक्षरता
विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए ELC के माध्यम से विभिन्न रचनात्मक एवं सहभागी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें Chromocracy – Poster & Infographic Challenge, Demos Theatre – Street Play for Democracy, Jurisballot – Mock Electoral Court, Vox Populi – Electoral Debate, Polis Protocol – Electoral Solution Lab, ElectraQuest – Ultimate Election Quiz और CineVote60 – Voter Awareness Reel प्रमुख हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन एवं लोकतंत्र से जुड़े विषयों पर प्रश्न करने, चर्चा करने, तर्क रखने, समाधान खोजने और मतदाता जागरूकता का संदेश समाज तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
उत्कृष्ट संस्थानों को मिलेगा सम्मान
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने बताया कि Form-6 के माध्यम से नए मतदाताओं के पंजीकरण तथा ELC की गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
पात्र विद्यार्थियों के मतदाता पंजीकरण और ELC की गतिविधियों में सक्रिय एवं गुणवत्तापूर्ण सहभागिता के आधार पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले संबंधित प्रधानाध्यापक या संस्थान प्रमुख को जिला स्तर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा सम्मानित किया जाएगा।
गतिविधियों की होगी नियमित रिपोर्टिंग
बैठक में ELC की गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने, प्रत्येक कार्यक्रम का आवश्यक अभिलेख संधारित करने तथा फोटोग्राफ, वीडियो और गतिविधि प्रतिवेदन निर्धारित पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही ELC की सभी गतिविधियों को गैर-राजनीतिक एवं निष्पक्ष रखते हुए निर्वाचन साक्षरता, लोकतांत्रिक मूल्यों और जिम्मेदार नागरिक सहभागिता पर केंद्रित रखने को कहा गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों एवं संस्थान प्रमुखों से कहा कि ELC को केवल औपचारिक रूप से गठित करने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे विद्यार्थियों में निर्वाचन संबंधी जागरूकता विकसित करने का सक्रिय माध्यम बनाया जाए। विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले प्रत्येक पात्र विद्यार्थी का Form-6 के माध्यम से मतदाता सूची में नाम जोड़ना प्राथमिकता में रखा जाए।




