कुकड़ू-ईचागढ़ में SIR-2026 की दावा-आपत्ति प्रक्रिया का निरीक्षण, युवाओं को मतदान के महत्व के प्रति किया जागरूक
जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह ने विद्यालयों में ELC गतिविधियों का लिया जायजा, 18 वर्ष की उम्र पूरी करने वालों को Form-6 से नाम जुड़वाने की दी जानकारी

कुकड़ू/ईचागढ़: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कुकड़ू एवं ईचागढ़ प्रखंड में संचालित SIR (Special Intensive Revision)-2026 के तहत दावा-आपत्ति प्रक्रिया का जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती पारुल सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और दावा-आपत्ति से जुड़े मामलों का निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विद्यालयों में ELC गतिविधियों के जरिए मतदाता जागरूकता
निरीक्षण के क्रम में SN +2 हाई स्कूल, टीकर, ईचागढ़, राजकीय +2 हाई स्कूल, तिरुलडीह, कुकड़ू तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयका भ्रमण किया गया। इन विद्यालयों में ELC (Electoral Literacy Club) के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से संबंधित चित्रकला और आकर्षक रंगोली तैयार की। जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी ने छात्राओं की इस पहल की सराहना की।
प्रश्नोत्तरी में विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
इस दौरान विद्यार्थियों से मतदान एवं मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर संवाद किया गया। विद्यार्थियों के बीच प्रश्नोत्तरी आयोजित की गई, जिसमें सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। विद्यालय पहुंचने पर छात्राओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथि का स्वागत भी किया।
18 वर्ष की उम्र पूरी करने वाले युवाओं को Form-6 की जानकारी
ELC गतिविधियों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके और अभी तक मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा पाए पात्र युवाओं को Form-6के माध्यम से नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें जागरूक मतदाता के रूप में अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया।
नाम और विवरण की जांच करने की अपील
आमजनों एवं विद्यार्थियों को मतदाता सूची में अपने नाम एवं अन्य विवरणों की जांच करने के लिए भी जागरूक किया गया। किसी प्रकार की त्रुटि होने या नाम दर्ज नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति अथवा Form-6 के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी दी गई।




