झारखंडपश्चिमी सिंहभूम

मेघाहातुबुरु खदान में मजदूरों की समस्याओं पर सेल प्रबंधन से वार्ता, चिकित्सा-सुरक्षा समेत 10 मुद्दों पर चर्चा

झारखंड मजदूर संघर्ष संघ ने विशेषज्ञ डॉक्टर, ब्लड बैंक, एंबुलेंस, आवास मरम्मती और ठेका श्रमिकों की सुविधाओं की मांग उठाई

मेघाहातुबुरु: सेल की मेघाहातुबुरु लौह अयस्क खदान में मजदूरों, कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों से जुड़ी समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डे के नेतृत्व में यूनियन प्रतिनिधिमंडल ने सेल प्रबंधन के साथ जनरल ऑफिस सभागार में बैठक की। बैठक में चिकित्सा, सुरक्षा, आवास, बिजली, ठेका श्रमिकों और स्थायी आदेश समेत करीब 10 प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई।
अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाओं की मांग
यूनियन ने किरीबुरू-मेघाहातुबुरु जनरल अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों, स्त्री रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपी सेवा, ब्लड बैंक और बेहतर रेफरल व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग रखी।
यूनियन ने कहा कि फिजियोथेरेपी सेवा शुरू करने के लिए पहले भी प्रबंधन को पत्र दिया गया था, लेकिन सुविधा शुरू नहीं हो सकी है। इस पर प्रबंधन की ओर से स्थायी फिजियोथेरेपिस्ट की व्यवस्था होने तक बोकारो से फिजियोथेरेपी सेवा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया।
ब्लड बैंक को लेकर प्रबंधन ने एलिशा मशीन की खरीद के लिए फंड स्वीकृत होने की जानकारी दी। गंभीर मरीजों के लिए एडवांस लाइफ सपोर्ट एंबुलेंस उपलब्ध कराने और ‘लाइफ सेविंग फर्स्ट’ के तहत तत्काल उपचार की व्यवस्था की मांग भी यूनियन ने रखी।
आवास और सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा उठा
बैठक में आवासों की मरम्मती के लिए कंबाइंड टेंडर निकालने की मांग की गई। इसके अलावा असुरक्षित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और सेफ्टी कमेटी में सभी श्रमिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने का मुद्दा भी उठाया गया।
ठेका श्रमिकों की सुविधाओं पर चर्चा
यूनियन ने ठेका श्रमिकों को पीपीई, उचित ड्यूटी और सभी वैधानिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर प्रबंधन ने ड्यूटी रोस्टर के आधार पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने की बात कही।
स्टेकर संचालन में अनस्किल्ड श्रमिकों की जगह स्किल्ड श्रेणी लागू करने और समान काम के लिए समान वेतन की दिशा में कदम उठाने का आश्वासन भी प्रबंधन की ओर से दिया गया।
स्थायी आदेश लागू करने की मांग
यूनियन ने मेघाहातुबुरु खदान में पूर्ण स्थायी आदेश लागू करने की मांग भी प्रबंधन के समक्ष रखी। बैठक में मजदूरों और कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!