Jamshedpurलोकल न्यूज़

जमशेदपुर में ‘संस्कार गुरुकुल’ का शुभारंभ, नई पीढ़ी को संस्कार और जीवन-मूल्यों से जोड़ने की पहल

एफटीएस की पहल के तहत बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, रचनात्मकता और सामाजिक जिम्मेदारी पर दिया जाएगा जोर

जमशेदपुर: बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कार, अनुशासन और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के उद्देश्य से फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल सोसाइटी (एफटीएस) ने बिष्टुपुर स्थित पीएच वेलनेस में ‘संस्कार गुरुकुल’ का भव्य शुभारंभ किया। पहल का उद्देश्य बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उनमें मजबूत चरित्र, संवेदनशीलता, आत्मविश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।

ओम उच्चारण और दीप प्रज्वलन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम का संचालन श्वेता गोयल ने किया। समारोह की शुरुआत सामूहिक ओम उच्चारण, शांति मंत्र पाठ और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उन्होंने बताया कि 20 सितंबर से प्रत्येक रविवार को एवरारा में संस्कार गुरुकुल की नियमित कक्षाएं आयोजित की जाएंगी।

मुख्य अतिथि रवि गोयल ने ‘संस्कार गुरुकुल’ को एफटीएस की दूरदर्शी और सराहनीय पहल बताया। वहीं, एफटीएस अध्यक्ष राजेश मित्तल ने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व की मजबूत नींव केवल किताबी ज्ञान से नहीं, बल्कि संस्कारों से तैयार होती है। बदलते सामाजिक परिवेश में बच्चों को अपनी जड़ों और जीवन-मूल्यों से जोड़ना जरूरी है।

अनुभव आधारित और आनंददायक होगी शिक्षण प्रक्रिया

गुरुकुल की समन्वयक रश्मि गर्ग और प्रेरणा धूत चौधरी ने बताया कि यहां शिक्षण प्रक्रिया को अनुभव-आधारित और आनंददायक बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों की रचनात्मकता और स्वाभाविक जिज्ञासा को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम के दौरान विशेष ऑनलाइन प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली शिक्षिकाओं स्वाति अग्रवाल, स्नेहा अग्रवाल, शिवानी गोयल और आकांक्षा गुप्ता का परिचय भी कराया गया।

अभिभावकों के साथ संवादात्मक सत्र

कार्यक्रम के समापन पर अभिभावकों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किया गया। इसके बाद पीयूष चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापन किया और सामूहिक शांति मंत्र के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर अभिषेक गर्ग, संजय गोयल, प्रियंका अग्रवाल, ममता बाकरेवाल, राजेश बाकरेवाल, कमल गुप्ता, किरण देबुका, सौरव सोनथलिया, पीयूष चौधरी, रवि गोयल, रश्मि गर्ग, श्वेता गोयल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!