
घाटशिला: पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला और आसपास के रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद 11 सितंबर 2026 से घाटशिला स्टेशन पर गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस और आजाद हिंद एक्सप्रेस का नियमित ठहराव शुरू हो गया। इससे क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को मजबूती मिलने के साथ मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
घाटशिला स्टेशन पर दोनों ट्रेनों के ठहराव की शुरुआत के अवसर पर स्टेशन परिसर में विशेष समारोह आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, रेल यात्री, जनप्रतिनिधि और रेलवे के अधिकारी शामिल हुए।
सांसद ने गीतांजलि एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी
समारोह के दौरान जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने घाटशिला के विधायक सोमेश चंद्र सोरेन एवं हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर उमेश सिंह की मौजूदगी में गाड़ी संख्या 12860 हावड़ा–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस को घाटशिला स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
घाटशिला स्टेशन पर अपने प्रथम निर्धारित ठहराव के बाद गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस मुंबई के लिए रवाना हुई।
लंबे समय से चली आ रही मांग हुई पूरी
इस अवसर पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि घाटशिला में दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधा की मांग की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे घाटशिला एवं आसपास के यात्रियों को हावड़ा के साथ-साथ मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख शहरों तक सीधी रेल यात्रा की बेहतर सुविधा मिलेगी।
घाटशिला स्टेशन पर जिन ट्रेनों का ठहराव शुरू हुआ है, उनमें 12859/12860 हावड़ा–छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस–हावड़ा गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस और 12129/12130 हावड़ा–पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस शामिल हैं।
व्यापार, उद्योग और रोजगार से जुड़े लोगों को भी लाभ
दोनों ट्रेनों के ठहराव से स्थानीय व्यापार, उद्योग, शिक्षा और रोजगार के सिलसिले में बड़े शहरों की यात्रा करने वाले लोगों को भी सहूलियत मिलने की उम्मीद है। विशेष रूप से मुंबई और पुणे जाने वाले यात्रियों को अब यात्रा की योजना बनाने में अधिक सुविधा होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार गीतांजलि सुपरफास्ट एक्सप्रेस के ठहराव से मुंबई जैसे प्रमुख महानगर से संपर्क बेहतर होगा, जबकि आजाद हिंद एक्सप्रेस के माध्यम से पुणे सहित अन्य महत्वपूर्ण गंतव्यों तक पहुंच आसान होगी।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ललित मोहन पांडेय तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार समेत मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा ZRUCC और DRUCC के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में घाटशिला के स्थानीय निवासी और रेल उपयोगकर्ता भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
स्थानीय रेल यात्रियों में दिखा उत्साह
घाटशिला स्टेशन पर दोनों ट्रेनों के ठहराव को लेकर स्थानीय रेल यात्रियों में उत्साह देखा गया। लोगों का कहना है कि इस सुविधा से लंबी दूरी के यात्रियों को लाभ मिलने के साथ क्षेत्र की औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।
रेलवे की इस पहल से घाटशिला की हावड़ा, मुंबई और पुणे जैसे प्रमुख औद्योगिक एवं व्यावसायिक केंद्रों से रेल कनेक्टिविटी और मजबूत हुई है। स्थानीय लोगों ने इसे घाटशिला के विकास और बेहतर यात्री सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।




