
आदरडीह/चांडिल:- कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर नीमडीह प्रखंड के आदरडीह गांव में श्री खाटू श्याम बाबा एवं शनि महाराज के भव्य मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी गई। कुमारपाड़ा स्थित डाबरा बांध के समीप आयोजित भूमि पूजन समारोह में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
बाबा बैद्यनाथधाम से पहुंचे पुजारी ओमप्रकाश पांडे शास्त्री के नेतृत्व में भोला जी, पंडित अश्वनी शर्मा सहित पुरोहितों की टीम ने भूमि पूजन संपन्न कराया। यजमान के रूप में दीपकल कुमार और शिशुपाल कुमार सपत्नीक पूजा-अनुष्ठान में शामिल हुए।
खाटूधाम से लाई गई मिट्टी, जल और पूजन सामग्री का हुआ उपयोग
भूमि पूजन की खास बात यह रही कि दीपकल कुमार खाटू श्यामधाम से श्याम कुंड का पवित्र जल, मिट्टी, ईंट, निशान सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर पहुंचे थे। इन पवित्र सामग्रियों का मंदिर निर्माण के भूमि पूजन में विधिवत उपयोग किया गया।
वैदिक मंत्रों के उच्चारण के बीच श्री खाटू श्याम बाबा और शनि महाराज के मंदिर की आधारशिला रखी गई। पूजा-अनुष्ठान के समापन के बाद श्रद्धालुओं के बीच खीर और चूरमा का प्रसाद वितरित किया गया।
आस्था का प्रमुख केंद्र बनने की उम्मीद
पुजारी ओमप्रकाश पांडे शास्त्री ने कहा कि मंदिर निर्माण की शुरुआत से आदरडीह समेत आसपास के गांवों के श्रद्धालुओं में उत्साह है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भव्य खाटू श्याम बाबा मंदिर के निर्माण के बाद यह क्षेत्र आने वाले दिनों में धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।
कार्यक्रम के दौरान नीमडीह पुलिस के एएसआई मिंटू सिंह सहित सशस्त्र पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे।
मौके पर श्री श्याम कला भवन के कल्याण प्रसाद सुल्तानिया, विशाल चौधरी, हरीश सुल्तानिया, पवन शर्मा, नीलकमल जालान, संदीप सुल्तानिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित थे।




