चाईबासा: मटकोबेड़ा की दीदियों की नोटबुक अब 4 हजार से अधिक ई-स्टोर पर होगी उपलब्ध
पलाश और सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के बीच समझौता, ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को मिलेगा व्यापक बाजार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम में ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई पहल शुरू की गई है। जिला कार्यालय इकाई, पलाश (JSLPS), पश्चिमी सिंहभूम, सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर और मटकोबेड़ा आजीविका संकुल संगठन सह नोटबुक निर्माण इकाई, खूंटपानी के बीच समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के बाद मटकोबेड़ा की महिलाओं द्वारा तैयार की जा रही नोटबुक को राज्यभर में बड़ा बाजार उपलब्ध होगा।
मटकोबेड़ा आजीविका संकुल संगठन से जुड़ी महिलाएं पिछले कई वर्षों से गुणवत्तापूर्ण नोटबुक का निर्माण कर रही हैं। अब सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के माध्यम से इन नोटबुक को राज्यभर के 4,000 से अधिक ई-स्टोर पर उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के साथ उनकी आय और आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान चाईबासा सदर, मंझारी और झींकपानी प्रखंड में संकुल स्तर पर सीएससी के माध्यम से बेहतर सेवाएं देने वाली तीन महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं, हाल ही में सीएससी की पहचान प्राप्त करने वाली 31 नई महिलाओं को सीएससी संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल सेवाओं के संचालन में दक्ष बनाना और उन्हें स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम में पश्चिमी सिंहभूम उपायुक्त के स्तर से संचालित प्रोजेक्ट ‘बदलाव’ के विभिन्न संकेतकों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान मटकोबेड़ा नोटबुक निर्माण इकाई से जुड़ी महिलाएं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जिला प्रबंधक-एसएमएंडआईबी, मानव संसाधन, उद्यम संवर्धन, वित्तीय समावेशन समेत जिले के अन्य कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रबंधक-एसएमएंडआईबी ने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए सीएससी ग्रामीण ई-स्टोर के प्रति आभार जताया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय हुनर को स्थानीय रोजगार से जोड़ते हुए ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को राज्य और राष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाना है। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों के लिए बेहतर बाजार मिलने के साथ उनकी आय बढ़ाने के नए अवसर भी मिलेंगे।




