चाईबासाझारखंडराजनीति

चाईबासा में ओबीसी जनगणना कॉलम की मांग को लेकर 16 सितंबर को कांग्रेस निकालेगी पैदल मार्च

बापू वाटिका से लोक भवन तक होगा मार्च, कांग्रेस नेताओं ने सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के लिए आंदोलन जारी रखने की कही बात

चाईबासा: जनगणना फॉर्म में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए अलग कॉलम शामिल करने की मांग को लेकर कांग्रेस 16 सितंबर को पैदल मार्च निकालेगी। यह मार्च बापू वाटिका से लोक भवन तक आयोजित किया जाएगा। कांग्रेस ने केंद्र सरकार के फैसले का विरोध करते हुए सामाजिक न्याय और ओबीसी समाज के अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

कांग्रेस भवन में हुई प्रेस वार्ता

आगामी आंदोलन की तैयारियों और रणनीति को लेकर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय के संयोजन में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रदेश सचिव चंद्रशेखर दास ने कहा कि जनगणना देश की सामाजिक और आर्थिक स्थिति को समझने का महत्वपूर्ण आधार है। ऐसे में ओबीसी समाज की वास्तविक जनसंख्या और सामाजिक स्थिति का स्पष्ट आंकड़ा सामने लाने के लिए जनगणना में अलग कॉलम होना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सामाजिक न्याय और समान प्रतिनिधित्व के मुद्दे पर लगातार आवाज उठाती रही है। 16 सितंबर का पैदल मार्च केवल विरोध का कार्यक्रम नहीं, बल्कि ओबीसी समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सामाजिक न्याय में विश्वास रखने वाले लोगों से बड़ी संख्या में मार्च में शामिल होने की अपील की।

आंकड़ों के आधार पर नीतियां बनाने की बात

कांग्रेस ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष रंजीत यादव ने कहा कि जनगणना में ओबीसी की अलग जनसंख्या का आंकड़ा उपलब्ध होने से सरकार की नीतियों और कल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी एवं आंकड़ों के आधार पर तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपना संघर्ष जारी रखेगी।

कार्यकर्ता और समर्थक होंगे शामिल

कांग्रेस की ओर से बताया गया कि पैदल मार्च में पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल होंगे। प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां और वरीय कांग्रेसी इम्तियाज खान मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!