Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*MDDR संशोधन से 21 जनकल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा असर : बुधराम लागुरी.7 सितंबर को सभी प्रखंड मुख्यालयों में झामुमो का महाधरना* 

चाईबासा: केंद्र सरकार द्वारा खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) संशोधन विधेयक, 2026 पारित किए जाने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा आंदोलन तेज करेगा। इसी क्रम में 7 सितंबर 2026 को टोंटो प्रखंड कार्यालय के समक्ष झामुमो टोंटो प्रखंड समिति की ओर से महाधरना और विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी झामुमो पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने बुधवार को टोंटो प्रखंड समिति की बैठक को संबोधित करते हुए दी।

बुधराम लागुरी ने कहा कि केंद्र सरकार का यह संशोधन झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों के खिलाफ है। राज्य के खनिज संसाधनों से मिलने वाले राजस्व का उपयोग आम जनता के कल्याण और विकास कार्यों में किया जाता है। ऐसे में राज्य के राजस्व अधिकारों को कमजोर करने का असर गरीब, आदिवासी, किसान, मजदूर और ग्रामीण आबादी पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि MDDR संशोधन के कारण राज्य की 21 जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झारखंड के प्राकृतिक संसाधनों पर राज्य के अधिकार को सीमित कर आर्थिक हितों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। झामुमो इसे स्वीकार नहीं करेगा।

बुधराम लागुरी ने कहा कि झारखंड की धरती से निकलने वाले खनिजों पर पहला अधिकार राज्य की जनता और राज्य सरकार का है। खनिज संपदा से मिलने वाले राजस्व से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा सहित कई जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित होती हैं। राजस्व स्रोत कमजोर होने का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि 7 सितंबर का महाधरना केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के अधिकार और जनहित की लड़ाई है। उन्होंने टोंटो प्रखंड की सभी पंचायतों, गांवों, पार्टी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और आम लोगों से बड़ी संख्या में महाधरना में शामिल होने की अपील की।

बैठक में महाधरना को सफल बनाने के लिए पंचायत और बूथ स्तर तक जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता झामुमो टोंटो प्रखंड समिति के अध्यक्ष मंगल तुबिड ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव राज नारायण तुबिड ने किया।

बैठक में वीरसिंह सुंडी, संजय दास, प्रदीप लागुरी, फुलेन्दर महतो, आशीष लागुरी, सतीश गोप, रंजीत सुलंकी, रंजीत गोप, महती हसदा, बनसिंह सुरीन, दोफेदार हेस्सा, जीतू बारी, देवेंद्र बारी, संजय बारी, राजेन बारी, राजीव हसदा, उदय करोवा समेत कई झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!