मेयर सुधा गुप्ता के आग्रह पर महिला कांग्रेस ने सरयू राय के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन वापस लिया, महिलाओं की गरिमा पर टिप्पणी से बचने की दी सलाह

जमशेदपुर: विधायक सरयू राय की एक कथित टिप्पणी को लेकर महिला कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित आंदोलन को मेयर सुधा गुप्ता के आग्रह पर वापस ले लिया गया है। इसकी जानकारी महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष नलिनी सिन्हा ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

नलिनी सिन्हा ने बताया कि धरना कार्यक्रम के बाद विधायक सरयू राय द्वारा महिला श्रृंगार को लेकर की गई टिप्पणी को महिला कांग्रेस ने महिलाओं के सम्मान और गरिमा के प्रतिकूल माना था। संगठन इस मामले को झारखंड विधानसभा अध्यक्ष और राष्ट्रीय महिला आयोग तक ले जाने के साथ-साथ शहरव्यापी आंदोलन की तैयारी कर रहा था।
उन्होंने कहा कि इसी बीच मेयर सुधा गुप्ता ने महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों से मुलाकात कर आंदोलन वापस लेने का आग्रह किया। मेयर ने कहा कि विधायक सरयू राय वरिष्ठ एवं अभिभावक तुल्य नेता हैं और संभव है कि उनसे यह टिप्पणी अनजाने में हुई हो। उन्होंने शहर में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा विवाद को आगे नहीं बढ़ाने की अपील की।
महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष ने कहा कि संगठन ने मेयर सुधा गुप्ता की अपील और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित आंदोलन वापस लेने का निर्णय लिया है। हालांकि उन्होंने विधायक सरयू राय से भविष्य में सार्वजनिक मंचों पर महिलाओं की गरिमा और सम्मान का पूरा ध्यान रखने तथा इस प्रकार की टिप्पणियों से बचने की सलाह भी दी।
प्रेस वार्ता में महिला कांग्रेस ने यह भी बताया कि धरना कार्यक्रम के दौरान मेयर सुधा गुप्ता स्वयं धरना स्थल पर पहुंची थीं। उन्होंने विधायक सरयू राय का अभिवादन किया और प्रदर्शनकारियों के लिए पानी एवं लड्डू की व्यवस्था भी कराई। महिला कांग्रेस ने इसे राजनीतिक शालीनता, लोकतांत्रिक मर्यादा और सौहार्द का सकारात्मक उदाहरण बताया।




