जर्जर प्राथमिक विद्यालय भवन की मरम्मत की उठी मांग, पंचायत समिति सदस्यों ने प्रमुख को सौंपा ज्ञापन

जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित प्राथमिक विद्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्यों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जमशेदपुर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन को ज्ञापन सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि विद्यालय के दोनों कमरे कई वर्षों से जर्जर स्थिति में हैं और इन्हीं कमरों में बच्चों की पढ़ाई कराई जा रही है। कमरों का छज्जा लगातार टूटकर गिर रहा है, जिससे विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।
प्रतिनिधिमंडल ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए भवन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की। इस पर प्रखंड प्रमुख पानी सोरेन ने मामले को गंभीर बताते हुए आश्वासन दिया कि वे जिला शिक्षा पदाधिकारी से पत्राचार कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराने का प्रयास करेंगे।
इस दौरान पंचायत समिति सदस्य झरना मिश्रा, सुनील गुप्ता, सुशील कुमार, सोनिया भूमिज, जैस्मिन गुड़िया तथा वार्ड सदस्य उमेश पांडे मौजूद रहे।




