Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Baharagoda : स्वास्थ्य सुविधाओं की बदहाली पर भाजपा का हल्ला बोल, 13 सूत्री मांग पत्र सौंपा

बहरागोड़ा अस्पताल में चिकित्सक, दवाइयां और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की मांग

बहरागोड़ा : बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र की चरमराई स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने और आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) बहरागोड़ा मंडल के अध्यक्ष राजकुमार कर के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचकर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के माध्यम से पूर्वी सिंहभूम के सिविल सर्जन के नाम 13 सूत्री ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बहरागोड़ा अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं नियमित डॉक्टरों की तैनाती, आवश्यक जीवनरक्षक दवाइयों और एंटी रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, सिजेरियन प्रसव की सुविधा शुरू करने तथा खराब पड़ी एम्बुलेंसों की मरम्मत कराने की मांग प्रमुख रूप से उठाई गई। इसके अलावा क्षेत्र के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति तथा 50 बेड वाले नवनिर्मित फैब्रिकेटेड अस्पताल को जल्द शुरू करने की मांग भी की गई।

इसे भी पढ़ें : Baharagoda : मानुषमुड़िया सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में शरारती तत्वों का उत्पात, मुखिया ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई नहीं हुई तो होगा आंदोलन : राजकुमार कर

भाजपा मंडल अध्यक्ष राजकुमार कर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से क्षेत्र की जनता लंबे समय से परेशान है। उन्होंने आउटसोर्स कर्मियों के पूर्ण वेतन भुगतान और पिछले 10 वर्षों से कार्यरत कर्मियों की सीधी नियुक्ति की भी मांग उठाई। साथ ही मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, जरूरतमंद परिवारों के बीच मच्छरदानी वितरण तथा गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाकर मलेरिया जांच अभियान चलाने की मांग की गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो भाजपा जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए चरणबद्ध और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी। इस अवसर पर चंदना मुर्मू, अपूर्व सुंदर दास, उत्पल कुमार पैरा, भक्तिश्री पांडा, कृष्ण पाल, काजल महाकुड, अर्चना दास, मंजुला पलाई, कल्पना सीट, महादेव बैठा, कबींद्रनाथ कुंडू, तरुण बैरा, नारायण राणा, शांति गिरी, गोपाल सीट, बीमान जाना, भवरंजन महतो, गौरांग साव और जयंत मंडल सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!