राष्ट्रीय खेल दिवस पर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता, एसएसए चाईबासा ने 3-2 से जीता खिताब

चाईबासा: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन (एसएसए) की ओर से चाईबासा स्थित एसएसए मैदान में जिला स्तरीय अंतर प्रखंड बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण क्षेत्र की फुटबॉल प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराना रहा।

प्रतियोगिता से पहले एसोसिएशन के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद एसएसए चाईबासा और प्लान इंडिया खूंटपानी की बालिका टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। दोनों टीमों ने शुरुआत से ही शानदार खेल का प्रदर्शन किया और एक-दूसरे पर दबाव बनाने का प्रयास किया। कड़े मुकाबले में एसएसए चाईबासा की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए प्लान इंडिया खूंटपानी को 3-2 से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।
मैच के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रदर्शन किया। मैदान में मौजूद दर्शकों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। मुकाबले के बाद विजेता एसएसए चाईबासा और उपविजेता प्लान इंडिया खूंटपानी की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि पश्चिमी सिंहभूम जिला ओलंपिक एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सह झामुमो क्रीड़ा मोर्चा जिलाध्यक्ष कश्मीर कान्डेयांग ने दोनों टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों और कोच को व्यक्तिगत खेल किट देकर भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के संयुक्त सचिव नारायण देवगम, कार्यकारिणी सदस्य कुलचन्द्र कुजूर, अर्जुन बानरा, सुबोध खन्डाईत, एहसानुल हक, यूथ डेवलपमेंट कोच लव आल्डा, ग्रास रूट कोच अनुपमा सिंकु और रोहित कुमार गोप सहित अन्य उपस्थित रहे।
आयोजन के माध्यम से बालिकाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने, अनुशासन एवं टीम भावना विकसित करने और ग्रामीण स्तर पर फुटबॉल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया।




