Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

पेड़ों को राखी बांध ग्रामीणों ने लिया वन संरक्षण का संकल्प

चाईबासा: रक्षाबंधन के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम जिले के गुवा प्रखंड क्षेत्र के बुन्डू गांव में ग्रामीणों ने अनूठे तरीके से पर्व मनाया। कोल्हान वन प्रमंडल के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने वन विभाग के साथ मिलकर पेड़ों को राखी बांधी और जंगलों की रक्षा का संकल्प लिया।

इस दौरान ग्रामीणों ने पेड़ों को भाई का प्रतीक मानते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधी। साथ ही वन संपदा को सुरक्षित रखने, जंगलों की हरियाली बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने का प्रण लिया। ग्रामीणों की इस पहल के माध्यम से समाज को वनों के महत्व और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

ग्रामीणों ने कहा कि जंगल केवल पेड़ों का समूह नहीं, बल्कि क्षेत्र के लोगों के जीवन, आजीविका और पर्यावरणीय संतुलन का महत्वपूर्ण आधार है। जंगलों से ग्रामीणों को कई आवश्यक संसाधन प्राप्त होते हैं। ऐसे में वन और वन संपदा की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने पेड़ों की सुरक्षा और जंगलों को बचाने के लिए मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक संसाधनों को सुरक्षित रखना जरूरी है। ग्रामीणों ने भविष्य में भी वन संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करने और क्षेत्र में हरियाली बनाए रखने का प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में राजेश पुरती, रवि पूर्ति, सोनाराम पुरती, जारका अंगारिया, सुखमती पूर्ति, मनीषा पूर्ति, रीना अंगारिया सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!