गुवा में पान तांती समाज का सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रभातफेरी से हुआ आयोजन का शुभारंभ

गुवा संवाददाता। गुवा पान तांती समाज के तत्वावधान में शुक्रवार को गुवा वर्कर क्लब परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राम मंदिर, गुवा से बिरसा मुंडा चौक तक निकाली गई प्रभातफेरी से हुई। प्रभातफेरी में समाज के महिला, पुरुष एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और समाज की एकता एवं सांस्कृतिक विरासत का संदेश दिया।

प्रभातफेरी के बाद गुवा वर्कर क्लब परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कोल्हान प्रमंडल पान-तांती कल्याण समिति के जिला संयोजक अभिमन्यु पान, नोवामुंडी जिला परिषद भाग-1 की सदस्य देवकी कुमारी तथा गुवा पूर्वी पंचायत की मुखिया चांदमनी लागुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने समाज की भाषा, संस्कृति और पारंपरिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी एकजुटता बनाए रखने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में गुवा पान-तांती कल्याण समिति के अध्यक्ष शंकर दास, सचिव रवि चंद्र पान, संरक्षक विश्वजीत तांती, सलाहकार गुरुचरण पान, उपाध्यक्ष तपोस दास, सदस्य तरुण कुमार, बबलू केशरी, तारा पोदो पात्रो और विनय दास सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिला अध्यक्ष पदमा केशरी के नेतृत्व में समाज की महिला सदस्यों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। इस दौरान समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति एवं कला परंपराओं को संरक्षित रखने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के सदस्यों से 8 अगस्त को गुवा सेल क्लब में आयोजित महा रक्तदान शिविर में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर रक्तदान करने की अपील की गई।
आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समाज के पदाधिकारियों ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया।




