जगन्नाथपुर कस्तूरबा विद्यालय की छात्राओं को विधायक सोनाराम सिंकु ने भेंट किए मॉडल नगाड़ा

जगन्नाथपुर। जगन्नाथपुर के कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्राओं के बीच शुक्रवार को विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने मॉडल नगाड़ा का वितरण किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक लोक कला से जुड़े रहने का संदेश दिया।

विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि आदिवासी संस्कृति, कला और पारंपरिक लोक वाद्ययंत्र हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की आज विशेष आवश्यकता है। छात्राओं को मॉडल नगाड़ा उपलब्ध कराने का उद्देश्य उन्हें अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान से जोड़ना है, ताकि वे अपनी विरासत को समझें और आने वाली पीढ़ियों तक इसे आगे बढ़ाएं।

उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी के लिए शिक्षा जितनी जरूरी है, उतना ही अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहना भी महत्वपूर्ण है। सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव समाज की पहचान को मजबूत करता है और पारंपरिक लोक कलाओं को संरक्षण देने में मदद करता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसी आफताब आलम, मुण्डा सोमनाथ सिंकु, हासलुद्दीन खान, रघुनाथ राउत, विजय गुप्ता, रंजीत गगराई, रोशन पान और राशिका लागुरी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय परिवार ने विधायक सोनाराम सिंकु का आभार जताते हुए कहा कि मॉडल नगाड़ा उपलब्ध कराए जाने से छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक धरोहर को समझने, सीखने और उसे आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा।




