Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpur

झारखंड के छात्रों के समर्थन में उतरे रघुवर दास, मुख्यमंत्री को खुला पत्र लिख CBI जांच की मांग

रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री के नाम खुला पत्र लिखकर आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया है। उन्होंने जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई है।

रघुवर दास ने अपने पत्र में कहा कि छात्रों की वर्तमान स्थिति उन्हें वर्ष 1974 के छात्र आंदोलन की याद दिलाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पत्र किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं और छात्रों के भविष्य की चिंता को ध्यान में रखकर लिखा गया है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं 1974 के छात्र आंदोलन से जुड़े रहे हैं और सार्वजनिक जीवन की शुरुआत भी उसी आंदोलन से हुई थी। इसलिए वे छात्रों की पीड़ा और उनके संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कई वर्षों से जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के कारण हजारों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। संबंधित अधिकारियों द्वारा समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने के कारण आदिवासी, मूलवासी और अन्य झारखंडी छात्रों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

पूर्व मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से सवाल किया कि छात्रों की लगातार उठ रही मांगों के बावजूद सरकार उनकी बात गंभीरता से क्यों नहीं सुन रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को आंदोलनरत छात्रों के प्रतिनिधियों से तत्काल वार्ता कर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।

रघुवर दास ने अपने पत्र में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने छात्रों की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सीबीआई जांच के आदेश दिए थे। उसी तरह झारखंड में भी जेपीएससी, जेएसएससी और सीजीएल परीक्षाओं में हुई कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।

उन्होंने राज्य सरकार से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, प्रतियोगी परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा छात्रों को उनके भविष्य की सुरक्षा का भरोसा देने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते सकारात्मक पहल नहीं की तो छात्र आंदोलन आगे चलकर जन आंदोलन का रूप ले सकता है, जिसका व्यापक प्रभाव पूरे झारखंड में देखने को मिल सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!