Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
झारखंड

Dumaria : धोलाबेडा-बारदागोडा सड़क पर युवाओं का श्रमदान, गड्ढे भर प्रशासन को जगाने की कोशिश

जर्जर सड़क से परेशान ग्रामीणों ने खुद संभाली मरम्मत की जिम्मेदारी

डुमरिया : पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड की धोलाबेडा पंचायत अंतर्गत धोलाबेडा से बारदागोडा मोड़ होते हुए काशीबेडा चौक तक जाने वाली सड़क की बदहाल स्थिति से परेशान ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों ने अनोखी पहल करते हुए श्रमदान के माध्यम से सड़क की मरम्मत की। लंबे समय से जर्जर पड़ी इस सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया था। विशेषकर स्कूली छात्रों, मरीजों और दोपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दिनों में गड्ढों में पानी भर जाने से दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ गया है। ऐसे में युवाओं ने स्वयं आगे बढ़कर मिट्टी, पत्थर और अन्य सामग्री की सहायता से गड्ढों को भरने का कार्य किया, ताकि लोगों को कुछ राहत मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क की दुर्दशा लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

इसे भी पढ़ें : राज्य स्तरीय ओपन योग चैंपियनशिप 8 व 9 अगस्त को चाईबासा में, तैयारियां पूरी

स्थायी मरम्मत नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क मरम्मत की मांग को लेकर कई बार जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। प्रशासनिक उदासीनता से नाराज युवाओं ने कहा कि श्रमदान कर सड़क की मरम्मत करना उनका उद्देश्य नहीं था, बल्कि यह कदम प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए उठाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्थायी रूप से गड्ढे भर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। ग्रामीणों ने पथ निर्माण विभाग से अविलंब सड़क की स्थायी मरम्मत कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र के ग्रामीण व्यापक जन आंदोलन करने को बाध्य होंगे। लोगों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, इसलिए इसकी अनदेखी क्षेत्र के विकास और जनसुविधा दोनों पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!