नशामुक्त भारत के लिए युवाओं ने लिया संकल्प, पूर्वी सिंहभूम में MY Bharat का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देशानुसार मेरा युवा भारत (MY Bharat), पूर्वी सिंहभूम द्वारा राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) के सहयोग से जिला समाहरणालय, पूर्वी सिंहभूम में “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला सूचना विज्ञान अधिकारी किशोर प्रसाद सहित 42 युवाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन से हुई। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त जीवन अपनाने, खेल, शिक्षा, योग और सकारात्मक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने तथा वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वच्छता को जन-आंदोलन बनाकर स्वच्छ एवं सशक्त भारत के निर्माण का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) के कलाकारों द्वारा नशे के दुष्प्रभाव और उससे बचाव पर आधारित प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुति का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया। प्रस्तुति के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का संदेश दिया गया।
अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवकों एवं प्रतिभागियों ने नशामुक्त भारत की शपथ लेकर समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के प्रति जागरूक कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।




