JPSC-JSSC भर्ती घोटाले के विरोध में भाजयुमो का आक्रोश मार्च, राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) पश्चिमी सिंहभूम की ओर से शनिवार को झारखंड में JPSC, JSSC, CGL, उत्पाद सिपाही सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता, पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में चाईबासा में आक्रोश मार्च निकाला गया। मार्च की शुरुआत गीता पेट्रोल पंप, कॉलेज मोड़ से हुई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचा। वहां कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में वर्ष 2019 के बाद आयोजित सभी JPSC, JSSC, CGL तथा अन्य भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई से जांच कराने की मांग की गई। साथ ही भर्ती घोटालों में शामिल लोगों के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने, JPSC के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने तथा भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
भाजयुमो ने उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान जान गंवाने वाले अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की भी मांग की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और युवाओं को निष्पक्ष अवसर उपलब्ध कराने के समर्थन में नारेबाजी की।
इस कार्यक्रम में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भाजयुमो जिला अध्यक्ष चंद्र मोहन तियु, दिनेश चंद्र नंदी, राकेश बबलू शर्मा, हेमंत केसरी, चंदन झा, दारे बोदरा, रंजन प्रसाद, अमरेश प्रधान, तीरथ जमुदा, दुर्गावती बोयपाई, केदारनाथ नायक, पंकज खिरवाल, रूपा दास, मुकेश कुमार लल्लू, अजय देवगम, पप्पू महतो, कुंज बिहारी खंडाईत, अनिल दास, विप्लव सिंह, संजय अखाड़ा, मणिकांत पोद्दार, अक्षय खत्री, मृदुलु निषाद, गणेश दास, मुकेश दास, द्वारिका शर्मा, रीना कौर, सुप्रिया दास, पप्पू राय और मनीष देवगम सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे।




