
बहरागोड़ा : बहरागोड़ा प्रखंड के छोटा ताडुआ गांव निवासी कबिता देहुरी (42) की शनिवार को जमशेदपुर स्थित टाटा मेन हॉस्पिटल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 24 जुलाई को अपने घर में खाना बनाते समय आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई थीं। इलाज के दौरान परिवार लगातार आर्थिक और मानसिक संकट से जूझ रहा था। कबिता देहुरी के निधन के बाद अस्पताल का लगभग 42 हजार रुपये का बकाया बिल परिजनों के सामने बड़ी समस्या बनकर खड़ा हो गया। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए इतनी बड़ी राशि का भुगतान करना संभव नहीं था, जिससे परिजन गहरी चिंता में थे।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : कस्तुरबा विद्यालय की छात्राओं ने जाना पुलिस का कामकाज, डायल 112 की उपयोगिता से हुईं परिचित
विधायक की पहल से अस्पताल प्रबंधन ने माफ किया पूरा बकाया
परिजनों की स्थिति की जानकारी मिलते ही बहरागोड़ा विधायक समीर कुमार मोहंती ने तत्काल मानवीय पहल की। उन्होंने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) प्रबंधन से बातचीत कर परिवार की आर्थिक परिस्थिति से अवगत कराया और सहायता का आग्रह किया। विधायक के प्रयासों के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लगभग 42 हजार रुपये का पूरा बकाया बिल माफ कर दिया। इससे शोकाकुल परिवार को बड़ी राहत मिली। शनिवार शाम गांव में परिजनों और ग्रामीणों की उपस्थिति में कबिता देहुरी का अंतिम संस्कार किया गया। विधायक के इस संवेदनशील और मानवीय कदम की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है तथा लोग इसे जनप्रतिनिधि की सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बता रहे हैं।




