
बहरागोड़ा : मानुषमुड़िया पंचायत भवन के पीछे स्थित लैम्पस परिसर के समीप सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अंचलाधिकारी राजा राम सिंह मुंडा के निर्देश पर अंचल कर्मचारी, हल्का अमीन, स्थानीय पुलिस बल तथा पंचायत के मुखिया राम मुर्मू ने संयुक्त रूप से स्थल का निरीक्षण किया। जांच टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और संबंधित भूमि की वर्तमान स्थिति का अवलोकन किया। प्रशासन का कहना है कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : सांड्रा पंचायत पहुँचे एलआरडीसी, आंगनवाड़ी से लेकर स्कूल और राशन दुकान तक किया निरीक्षण
दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश, जांच के बाद होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान जांच टीम और मुखिया राम मुर्मू ने संबंधित पक्ष को जमीन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज अंचल कार्यालय में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भूमि संबंधी कागजातों की जांच के बाद मामले में नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अंचलाधिकारी कार्यालय के अनुसार किसी भी सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में भूमि विवाद के मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।




