
रांची/पोटका: पोटका विधानसभा क्षेत्र की महिला नेत्री एवं समाजसेविका दुखनी सोरेन ने गुरुवार को झारखंड के राज्यपाल से शिष्टाचार मुलाकात कर JSSC परीक्षा में संताली भाषा के प्रश्नपत्र को लेकर अभ्यर्थियों की चिंताओं से अवगत कराया।

उन्होंने राज्यपाल को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि संताली भाषा के प्रश्नपत्र में कथित रूप से सिलेबस से बाहर पूछे गए प्रश्नों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए पूरे मामले पर पुनर्विचार कर न्यायपूर्ण निर्णय लेने का आग्रह किया।
दुखनी सोरेन ने कहा कि झारखंड के विद्यार्थियों की मेहनत और भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्यपाल इस मामले में सकारात्मक पहल करेंगे, जिससे अभ्यर्थियों को न्याय मिल सके और उनकी शंकाओं का समाधान हो।




