
सरायकेला-खरसावां: जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नीमडीह थाना क्षेत्र से लगभग 500 सीएफटी अवैध गिट्टी लदा एक हाइवा जब्त किया है। यह कार्रवाई उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर अंचलाधिकारी अभय कुमार द्विवेदी और थाना प्रभारी दिलसन बिरुआ के नेतृत्व में संयुक्त छापेमारी अभियान के दौरान की गई।

जांच के दौरान वाहन चालक खनिज परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद प्रशासन ने नियमानुसार हाइवा को जब्त कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई एवं प्राथमिकी दर्ज करने के लिए नीमडीह थाना को सौंप दिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि जिले में अवैध खनन, खनिज भंडारण और अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में शामिल लोगों के खिलाफ खनिज नियमावली एवं अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध खनन या खनिज परिवहन की सूचना मिले तो इसकी जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। प्रशासन ने दोहराया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर पूरी सख्ती के साथ निगरानी रखी जा रही है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।




