Jamshedpur : बोल-बम के जयकारों के बीच देवघर रवाना हुआ टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का जत्था
गुरु पूर्णिमा पर यूनियन कार्यालय से शुरू हुई धार्मिक यात्रा

- मजदूरों और कंपनी की उन्नति की कामना के साथ होगा जलाभिषेक
- श्रद्धालुओं को पूर्व अध्यक्ष ने दी सफल यात्रा की शुभकामनाएं
जमशेदपुर : जमशेदपुर में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन का श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार सुबह यूनियन कार्यालय परिसर से बाबा नगरी देवघर के लिए रवाना हुआ। प्रातः 7 बजे कोच बस के माध्यम से निकले इस जत्थे का नेतृत्व यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद एवं महामंत्री आरके सिंह ने किया। सैकड़ों की संख्या में मौजूद कांवरियों ने “बोल-बम” और “हर-हर महादेव” के जयकारों के साथ यात्रा की शुरुआत की। यात्रा पर रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने स्वर्गीय जेएन टाटा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर नमन किया। श्रद्धालुओं ने गेरुआ एवं सफेद वस्त्र धारण कर भक्ति और उत्साह के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर प्रस्थान किया। इस धार्मिक यात्रा में यूनियन के पदाधिकारी, कमेटी सदस्य तथा आरके सिंह फैंस क्लब के सदस्य भी शामिल हुए।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में भाजपा की संगठनात्मक बैठक, बूथ सशक्तिकरण और रविदास जयंती की तैयारियों पर हुआ मंथन
सुल्तानगंज से जल उठाकर पैदल करेंगे बाबा धाम की यात्रा
महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि सावन माह में भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने का विशेष धार्मिक महत्व है। उन्होंने बताया कि यूनियन के सदस्य प्रत्येक वर्ष सुल्तानगंज से पवित्र गंगाजल लेकर पैदल बाबा धाम पहुंचते हैं और मजदूर भाइयों, उनके परिवारों तथा कंपनी की प्रगति और खुशहाली की कामना करते हुए जलाभिषेक करते हैं। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की कृपा और मार्गदर्शन से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सही दिशा मिलती है। श्रद्धालुओं को विदा करने के लिए यूनियन के पूर्व अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते भी यूनियन कार्यालय पहुंचे और सभी को मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं। पूरे परिसर में भक्ति, उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।




