अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस की तैयारी तेज, जिंतुगाड़ा में कांग्रेस की बैठक, विधायक सोनाराम सिंकु ने सौंपी जिम्मेदारियां

जगन्नाथपुर: आगामी 9 अगस्त को मनाए जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस की तैयारियों को लेकर रविवार को जगन्नाथपुर प्रखंड के ग्राम जिंतुगाड़ा, टोला दुरलीपी में कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु ने की।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक सोनाराम सिंकु ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले सभी लोगों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए गठित समिति के सभी सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और गंभीरता के साथ निर्वहन करें।

उन्होंने जानकारी दी कि 9 अगस्त के मुख्य कार्यक्रम में क्षेत्र के मानकी-मुंडा, दिऊरी, डाकुआ, मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों सहित समाज के प्रति समर्पित विशिष्ट लोगों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत अध्यक्षों और वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच अलग-अलग जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया है, ताकि आयोजन सुव्यवस्थित और सफल हो सके।
बैठक के दौरान आमंत्रण प्रक्रिया, स्वागत व्यवस्था, मंच संचालन, कार्यक्रम की रूपरेखा और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर अंतर्राष्ट्रीय आदिवासी दिवस के कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने का संकल्प लिया।




