धरमरगुटू में मलेरिया-डेंगू से बचाव को लेकर जागरूकता अभियान, ग्रामीणों के बीच मच्छरदानियों का वितरण

गुवा: सारंडा क्षेत्र के छोटानागरा गांव स्थित धरमरगुटू टोला में रविवार को एसटी खेरवाड़ एभेन आखड़ा की ओर से मलेरिया, डेंगू एवं अन्य मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। संस्था के संस्थापक रमेश हांसदा के नेतृत्व में संथाल समाज के परिवारों के बीच मच्छरदानियों का वितरण किया गया।

अभियान के दौरान ग्रामीणों को मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से मच्छरदानी का उपयोग करने, घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने तथा जलजमाव नहीं होने देने की सलाह दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में समय रहते सतर्कता और स्वच्छता अपनाकर इन बीमारियों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।
संस्था के संस्थापक रमेश हांसदा ने कहा कि एसटी खेरवाड़ एभेन आखड़ा समाज के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के प्रति लगातार प्रेरित करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे ताकि ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।
कार्यक्रम में संस्था के सचिव गोपाल टुडू, कोषाध्यक्ष सोमरा टुडू, नवीन हांसदा, मंगल मुर्मू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने संस्था की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम बताया।




