
चाईबासा: स्थानीय रुंगटा मैरिज हाउस में मारवाड़ी महिला समिति द्वारा झूला सजाओ एवं टेबल रनर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 10 से 12 महिलाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने आकर्षक तरीके से झूलों को सजाया, वहीं सुंदर टेबल रनर तैयार कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। सभी प्रस्तुतियां इतनी उत्कृष्ट रहीं कि निर्णायकों के लिए विजेताओं का चयन करना चुनौतीपूर्ण हो गया।

कार्यक्रम में समिति की लगभग 20 सदस्याएं उपस्थित रहीं। इस अवसर पर संरक्षिका गोमती जी, पूर्व अध्यक्ष, आंचल प्रमुख एवं प्रकल्प प्रमुख की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ावा देते हैं।
आयोजन के दौरान सदस्याओं के लिए मनोरंजक गेम प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें सभी ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष की ओर से सभी सदस्याओं के लिए अल्पाहार एवं नाश्ते की व्यवस्था की गई।
समिति की अध्यक्ष संगीता मुंधड़ा ने सभी प्रतिभागियों और सदस्याओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं के बीच आपसी मेलजोल को मजबूत करने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को एक बेहतर मंच प्रदान करते हैं। सौहार्दपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।




