तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो टोटो को मारी टक्कर, पेड़ से टकराकर रुकी गाड़ी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र अंतर्गत खप्परसाई ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने दो महिंद्रा टोटो को टक्कर मार दी। हादसे में एक टोटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि दूसरे टोटो का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नीम के पेड़ से टकराकर रुक गई।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी।
टोटो चालकों के अनुसार, स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में सामने से आ रही थी और सीधे उनके वाहनों से टकरा गई। स्थानीय लोगों ने चालक के नशे में होने की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस ने कहा है कि मेडिकल जांच के बाद ही इसकी आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




