
बहरागोड़ा : खेडूआ पंचायत के जयपूरा से जुगडीहा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मंगलवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। प्रशासनिक उपेक्षा और अधूरे विकास कार्यों के विरोध में ग्रामीणों ने सड़क पर धान की रोपाई कर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि करीब एक वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का शिलान्यास बड़े धूमधाम से किया गया था, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। मानसून के दौरान सड़क कीचड़ और बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो गई है, जिससे लोगों का आवागमन बेहद कठिन हो गया है। ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों से कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
इसे भी पढ़ें : Baharagoda : बहरागोड़ा में बिजली व्यवस्था को लेकर भाजपा का प्रदर्शन, विभाग को सौंपा ज्ञापन
स्कूली बच्चों और मरीजों को हो रही परेशानी, जल्द निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में इस मार्ग से गुजरना जोखिम भरा हो जाता है और कई बार लोग फिसलकर घायल भी हो चुके हैं। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने की मांग की। प्रदीप दलाई, विश्वजीत दास, अरुण दास और जानूराम दलाई के नेतृत्व में हुए इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।




