कोल्हान

*सेंट जेवियर्स स्कूल की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में लाल दल बना विजेता

चाईबासा: सेंट जेवियर्स स्कूल पोटका, चक्रधरपुर में बुधवार को वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शानदार प्रदर्शन करते हुए लाल दल ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि हरा दल उपविजेता रहा। दोनों दलों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिंहभूम की सांसद जोबा माझी ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम तथा विशेष अतिथि के रूप में फादर जोन्हास खालखो और चक्रधरपुर नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष केडी शाह उपस्थित रहे।

मौके पर सांसद जोबा माझी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेल से अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। खेल के मैदान में जीत और हार दोनों से सीख मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा खेल के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

जिला खेल पदाधिकारी मारकस हेंब्रम ने कहा कि खेलकूद बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उनमें प्रतिस्पर्धा, एकजुटता और अनुशासन की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल में भी अपनी प्रतिभा निखारने की सलाह दी।

इससे पहले विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत और नृत्य सहित कई आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। इसके बाद विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों के बीच मुकाबला हुआ।

विद्यालय के प्राचार्य फादर एस. पुथुमय राज और प्राचार्या सिस्टर कृपा के मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन को सफल बनाने में शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ कोऑर्डिनेटर प्रदीप, ज्योति, माइकल सर और वर्षा मिस ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!